उत्तराखंड

सीएम धामी के जाते ही जौलजीबी मेले के मंच पर बवाल, कांग्रेस विधायक ने फेंका माइक और कुर्सियां

विधायक हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें मेले की अध्यक्षता की जिम्मेदारी तो दी गई, लेकिन मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने और क्षेत्र की समस्याएं उठाने का मौका नहीं दिया गया।

सीएम धामी के जाते ही जौलजीबी मेले के मंच पर बवाल, कांग्रेस विधायक ने फेंका माइक और कुर्सियां
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के उद्घाटन समारोह में शनिवार को जमकर हंगामा देखने को मिला। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का उद्घाटन किया। लेकिन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होने के बाद धारचूला से कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी का गुस्सा फूट पड़ा। दरअसल, विधायक हरीश धामी का आरोप है कि उन्हें मेले की अध्यक्षता की जिम्मेदारी तो दी गई, लेकिन मुख्यमंत्री के सामने अपनी बात रखने और क्षेत्र की समस्याएं उठाने का मौका नहीं दिया गया। उनका कहना है कि जब उन्होंने मंच से बोलने का प्रयास किया तो उनका माइक बंद कर दिया गया। इससे नाराज विधायक ने मंच पर ही माइक फेंक दिया और साउंड सिस्टम के कर्मचारियों से तीखी बहस की। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मंच पर रखी कुर्सियां व अन्य सामान भी फेंके गए। इस दौरान विधायक के समर्थकों ने भी हंगामा किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालने का प्रयास किया। घटना के बाद विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धारचूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी। वहीं, उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वह क्षेत्र की समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखना चाहते थे। इनमें आठ वर्षीय बच्ची की सड़क हादसे में मौत और कनार सड़क से जुड़ी समस्याएं प्रमुख थीं। वहीं, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा ने भी विधायक के व्यवहार की आलोचना की है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग उठाई है। जौलजीबी मेले में हुए इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में भी आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
← सभी खबरों पर वापस जाएँ