उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजप
विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने तेज की तैयारियां, देहरादून में बीएल संतोष ले रहे जिला प्रभारियों की बैठक

देहरादून में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की हलचल देखने को मिल रही है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष सभी जिलों के प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं।
बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन की मजबूती, जिला स्तर पर पार्टी की सक्रियता और चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा किए जाने की संभावना है। पार्टी नेतृत्व का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर रहेगा।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी दोपहर बाद बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है। इससे पहले प्रदेश भाजपा मुख्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर रही है। इसी क्रम में 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में पार्टी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक भी प्रस्तावित है, जिसमें चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर मंथन किया जाएगा।