उत्तराखंड

उत्तराखंड: रामनगर के फाटो जंगल में बाघ का हमला, बकरी चराने गए 22 वर्षीय युवक की मौत; शव को 200 मीटर दूर ले गया बाघ

शुक्रवार शाम फाटो निवासी 22 वर्षीय दिलशाद अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ जंगल में बकरी चराने गया था। इसी दौरान अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया।

उत्तराखंड: रामनगर के फाटो जंगल में बाघ का हमला, बकरी चराने गए 22 वर्षीय युवक की मौत; शव को 200 मीटर दूर ले गया बाघ
रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड के रामनगर में मानव-वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत उत्तरी जसपुर फाटो के जंगल में बाघ के हमले में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक अपनी मां और चचेरे भाई के साथ जंगल में बकरियां चराने गया था। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम फाटो निवासी 22 वर्षीय दिलशाद अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ जंगल में बकरी चराने गया था। इसी दौरान अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया। बाघ के हमले से पहले कोई कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बाघ युवक को दबोचकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद मां और चचेरे भाई में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने आसपास के लोगों और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। बताया जा रहा है कि बाघ युवक के शव को घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर तक घसीटकर ले गया था। वन कर्मियों ने बाघ को हटाने के लिए फायरिंग की, जिसके बाद शव को बरामद किया जा सका। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। ग्रामीणों ने जंगल से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और बाघ की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर रामनगर क्षेत्र में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
← सभी खबरों पर वापस जाएँ