उत्तराखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार, 14 नवंबर को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर पर्वतीय क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।
वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से ठंड में और इजाफा होने की संभावना है। ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के साथ-साथ इन इलाकों में घूमने पहुंचने वाले पर्यटकों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।