बदरीनाथ हाईवे पर भीषण हादसा: बोलेरो पिकअप और कार की टक्कर में एक की मौत, 10 घायल
पांच नवंबर को गोविंदघाट थाना क्षेत्र के लामबगड़ में बोलेरो पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पिकअप सवार मोनू पुत्र राम रतन, निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जोशीमठ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पूरन भिलंगवाल, ज्योतिर्मठ। चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर लामबगड़ स्थित जेपी पावर प्रोजेक्ट के समीप बोलेरो पिकअप और कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बोलेरो पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे की सूचना मिलते ही चमोली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला।
पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को गोविंदघाट थाना क्षेत्र के लामबगड़ में बोलेरो पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पिकअप सवार मोनू पुत्र राम रतन, निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल जोशीमठ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पिकअप सवार आठ लोग घायल
दुर्घटना में बोलेरो पिकअप में सवार आठ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में अंशुल (26), मोनू पाल (29) और शिवम (31), निवासी मंगलौर व लंढौरा, हरिद्वार तथा शिव कुमार (42), मेनपाल (38), मनोज कुमार (35), मोंटी (28) और जॉनी पाल (35), निवासी मुजफ्फरनगर शामिल हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोपेश्वर रेफर किए जाने की प्रक्रिया शुरू की गई।
कार सवार तीन यात्री भी घायल
हादसे में कार सवार तीन लोग भी चोटिल हुए हैं। इनमें अर्चिसा (20), पुष्पेंद्र कुमार (50) और पूनम रानी (46), निवासी जयपुर, राजस्थान शामिल हैं। तीनों को सामान्य चोटें आई हैं।
पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
एक दिन पहले गंगोत्री हाईवे पर चार यात्रियों की मौत
उत्तराखंड में लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच एक दिन पहले गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी बड़ा हादसा हुआ था। गंगनानी के समीप गुजरात से गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों की कार अनियंत्रित होकर भागीरथी नदी में जा गिरी थी।
इस हादसे में चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ। घायल को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया। वहीं, दो महिला यात्रियों के लापता होने की सूचना थी, जिनकी तलाश में रेस्क्यू टीम सर्च अभियान चला रही थी। लगातार सामने आ रहे इन हादसों ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।