नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को मिला उत्तराखंड गौरव सम्मान
डॉ. तिवारी को यह सम्मान पत्रकारिता, हिंदी लेखन, अध्यापन और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। सम्मान मिलने से नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

हरादून/नैनीताल। संवाददाता ललित जोशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के राज्योत्सव समारोह में नैनीताल के वरिष्ठ पत्रकार, लेखक एवं कुमाऊं विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को प्रतिष्ठित उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। देहरादून में आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें प्रशस्ति पत्र एवं एक लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की।
डॉ. तिवारी को यह सम्मान पत्रकारिता, हिंदी लेखन, अध्यापन और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है। सम्मान मिलने से नैनीताल सहित पूरे कुमाऊं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
समारोह में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, रेखा आर्य, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भारत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, विजय बहुगुणा, तीरथ सिंह रावत, राज्यसभा सांसद प्रदीप टमटा, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, दिनेश आर्या और त्रिवेंद्र सिंह रावत सहित विधायक, मुख्य सचिव, डीजीपी, वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राजभाषा गौरव सम्मान से भी हो चुके हैं सम्मानित
डॉ. गिरीश रंजन तिवारी को हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग की ओर से आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में उनकी चर्चित पुस्तक 'अतीत से वर्तमान तक : नैनीताल का सफर और गॉथिक राजभवन के निर्माण की अद्भुत गाथा' के लिए प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव सम्मान प्रदान किया गया था।
देशभर के 13 लेखकों को दिए गए इस सम्मान में उत्तराखंड से डॉ. तिवारी एकमात्र सम्मानित लेखक थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यह सम्मान प्राप्त करने वाले वह उत्तराखंड के पहले पत्रकार भी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मिल चुका है सम्मान
हिंदी लेखन, पत्रकारिता और हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए डॉ. तिवारी को अमेरिका, हंगरी और मॉरीशस स्थित भारतीय दूतावासों के अलावा थाईलैंड और सिंगापुर की प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं विश्वविद्यालयों से भी सम्मान मिल चुका है।
पत्रकारिता के क्षेत्र में वह तीन पुस्तकों का लेखन कर चुके हैं। उनकी एक पुस्तक का विमोचन मॉरीशस के राष्ट्रपति ने वहां स्थित राष्ट्रपति भवन में किया था। इसके अलावा उनके दो दर्जन से अधिक शोध पत्र और एक हजार से ज्यादा लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
डॉ. तिवारी को उत्तराखंड रत्न, राज्य सूचना आयोग की ओर से आरटीआई अवार्ड और अंतरराष्ट्रीय भारत सम्मान अचीवर्स अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है।
उत्तराखंड गौरव सम्मान मिलने पर पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने डॉ. तिवारी को बधाई देते हुए इसे नैनीताल और उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।