नैनीताल के कैंची धाम के पास भीषण सड़क हादसा, 150 मीटर गहरी खाई में गिरी
गुरुवार रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को निगलाट कैंची धाम के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुँचा।

यदि वीडियो की आवाज़ अपने आप शुरू न हो, तो ऊपर “आवाज़ चालू करें” दबाएँ।
उत्तराखंड के नैनीताल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर कैंची धाम के समीप देर रात एक कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी युवक उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से पुलिस को निगलाट कैंची धाम के पास एक वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही भवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के नेतृत्व में तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।
मौके पर पहुंची टीम ने सर्च अभियान शुरू किया। इस दौरान यूपी नंबर की कार (UP25EJ-4586) गहरी खाई में नदी के पास गिरी हुई मिली। कार में कुल पांच युवक सवार थे। घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सभी पांचों युवकों को खाई से बाहर निकाला।
हालांकि, इस हादसे में संदीप शर्मा निवासी मनकापुर, थाना भुता, बरेली की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं घायल युवकों की पहचान अनुज तिवारी उम्र 29 वर्ष, निवासी शेखपुर, थाना भुता, बरेली, सनी उम्र 23 वर्ष, रवि और संचित तिवारी उम्र 26 वर्ष, निवासी बरेली के रूप में हुई है। चारों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय कार अनुज तिवारी चला रहा था।
वहीं भवाली कोतवाल प्रकाश सिंह मेहरा ने बताया कि मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रेस्क्यू अभियान में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा के साथ कांस्टेबल तारा कंबोज, हरीश बिष्ट, महेश गोस्वामी और होमगार्ड राजेंद्र बिष्ट शामिल रहे।