अमित शाह का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- उत्तराखंड को विकास वाली सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार वाली?
अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अब जनता को तय करना है कि आगामी चुनाव में उसे भाजपा की विकास देने वाली सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार वाली राहुल बाबा की सरकार। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक उत्तराखंड को मनीऑर्डर इकोनॉमी और पलायन के भरोसे छोड़ दिया था।

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने देहरादून पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए धामी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। शाह ने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन के क्षेत्र में 361 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि एक लाख करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश की योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। इसके अलावा राज्य में 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां देने का काम किया गया है।
कांग्रेस पर साधा निशाना, राहुल गांधी को लेकर कही ये बड़ी बात
अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि अब जनता को तय करना है कि आगामी चुनाव में उसे भाजपा की विकास देने वाली सरकार चाहिए या भ्रष्टाचार वाली राहुल बाबा की सरकार। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक उत्तराखंड को मनीऑर्डर इकोनॉमी और पलायन के भरोसे छोड़ दिया था।
शाह ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों के कारण पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी पहाड़ के काम नहीं आ सकी। भाजपा सरकार ने पलायन रोकने के प्रयास किए और मनीऑर्डर आधारित अर्थव्यवस्था की जगह औद्योगिक अर्थव्यवस्था को बढ़ावा दिया।
कांग्रेस ने नहीं बनाई सड़कें, चीन के अंदर आने का डर दिखाया
केंद्रीय गृह मंत्री ने सीमावर्ती क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को लेकर भी कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़कें नहीं बनाती थी और चीन के अंदर आने का डर दिखाती थी। वहीं, मोदी सरकार ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सड़क और बुनियादी ढांचे का विकास किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इतना मजबूत हुआ है कि कोई भी देश की सीमाओं की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं कर सकता। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने दुश्मनों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।
उत्तराखंड की जीएसडीपी में 50 फीसदी की वृद्धि का दावा
अमित शाह ने बताया कि 1,508 करोड़ रुपये की लागत से 63 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के बाद से उत्तराखंड की जीएसडीपी में करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में भी लगभग 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि विकसित राज्य बनने के लिए प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि बेहद जरूरी है।
एक लाख करोड़ के उद्योग धरातल पर उतरे
शाह ने कहा कि उत्तराखंड जैसे छोटे और भौगोलिक चुनौतियों वाले राज्य में एक लाख करोड़ रुपये के औद्योगिक निवेश की योजनाओं को धरातल पर उतारना बड़ी उपलब्धि है। इन परियोजनाओं के शुरू होने से राज्य में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
यूसीसी और धर्मांतरण विरोधी कानून को बताया बड़ी उपलब्धि
अमित शाह ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने को भाजपा सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जिसने यूसीसी को जमीन पर उतारा।
उन्होंने कहा कि राज्य में अब बहुविवाह और तीन तलाक जैसी प्रथाओं पर रोक लगाने के लिए कानून लागू है। शाह ने दावा किया कि देश के 15 राज्य भी यूसीसी लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने धर्मांतरण विरोधी कानून और नकल विरोधी कानून का भी जिक्र किया। शाह ने कहा कि उत्तराखंड में नकल माफिया पर शिकंजा कसने के लिए कठोर कानून बनाया गया है और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
हरीश रावत पर भी कसा तंज
अपने संबोधन के दौरान अमित शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर भी निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि हरीश रावत ने अपने कार्यकाल में ऐसा कौन सा काम किया, जिसके लिए उन्हें याद किया जाएगा। शाह ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में विकास, रोजगार, उद्योग, पर्यटन और सीमावर्ती सुरक्षा को प्राथमिकता दी है।